जमशेदपुर पुलिस हाईटेक – एसएसपी ने 33 टैंगो मोबाइल जवानों को हाई स्पीड बाइक सौंपी

राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर : महानगरों की तर्ज पर अब जमशेदपुर पुलिस भी हाईटेक हो गई है। आज जिले के एसएसपी पीयूष पांडे ने 33 टैंगो मोबाइल जवानों को हाई स्पीड बाइक का वितरण किया। इस मौके पर सिटी एसपी कुमार शिवाशीष, सीसीआर डीएसपी मनोज ठाकुर सहित कई पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे।
एसएसपी ने सभी टैंगो जवानों को बाइक के इस्तेमाल और संचालन को लेकर ब्रीफिंग दी। उन्होंने बताया कि नई बाइक में सभी आधुनिक तकनीकी सुविधाएँ मौजूद हैं। प्रत्येक बाइक में जीपीएस सिस्टम लगाया गया है, जिससे उनकी लोकेशन की जानकारी सीधे जिला मुख्यालय तक पहुंच सकेगी।

एसएसपी पीयूष पांडे ने कहा कि पहले बड़ी गाड़ियों के कारण गलियों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस को पहुंचने में दिक्कतें आती थीं। लेकिन अब हाई स्पीड बाइक से पुलिस कम समय में घटनास्थल तक पहुंच सकेगी और त्वरित कार्रवाई कर पाएगी। साथ ही, अपराधियों को पकड़ने में भी ये बाइक बेहद मददगार साबित होंगी।
उन्होंने हाई स्पीड बाइक उपलब्ध कराने के लिए पुलिस मुख्यालय को धन्यवाद भी दिया।

