श्री साहित्य कुंज, जमशेदपुर की नववर्षीय काव्य गोष्ठी संपन्न कवियों–कवयित्रियों की रचनात्मक अभिव्यक्तियों से सजी सुरभित दोपहर
राष्ट्र संवाद संवाददाता
श्री साहित्य कुंज (जमशेदपुर) की वर्ष 2025 की काव्य गोष्ठी रीना सिन्हा ‘सलोनी’ के आवास पर हरे-भरे वातावरण में गरिमामय रूप से संपन्न हुई। गोष्ठी का संयोजन संरक्षक प्रतिभा प्रसाद ‘कुमकुम’ ने किया। स्वागत-उद्बोधन मनीषा सहाय ‘सुमन’, संचालन रीना सिन्हा ‘सलोनी’, सरस्वती वंदना रजनी रंजन एवं धन्यवाद ज्ञापन आरती श्रीवास्तव ने किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता हरिकिशन चावला ने की, जबकि श्यामल सुमन मुख्य अतिथि, प्रतिभा प्रसाद ‘कुमकुम’ एवं वीणा नंदिनी विशिष्ट अतिथि तथा डॉ. आशा गुप्ता अति विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। गुज़रते वर्ष और आने वाले नववर्ष के स्वागत में आयोजित इस गोष्ठी में शहर के चर्चित कवि–कवयित्रियों ने विविध विधाओं—गीत, गज़ल और कविता—के माध्यम से समां बाँध दिया।
रीना सिन्हा के आतिथ्य और उनके बगीचे की गुनगुनी धूप में काव्य पाठ का विशेष आनंद अनुभव किया गया। सभी ने एक-दूसरे की रचनाओं को मनोयोग से सुना और सराहा। कार्यक्रम में पढ़े गए मार्मिक गीत–कविताएँ उपस्थित जनों के हृदय में गूंजती रहीं, जिनमें प्रमुख रचनाएँ रीना सिन्हा, हरिकिशन चावला, पूनम शर्मा ‘स्नेहिल’, प्रतिभा प्रसाद ‘कुमकुम’, डॉ. रजनी रंजन, ममता कर्ण, शिप्रा सैनी, आरती श्रीवास्तव, मनीषा सहाय, डॉ. आशा गुप्ता, अनिता निधि, उपासना सिन्हा, श्यामल सुमन एवं वीणा नंदनी द्वारा प्रस्तुत की गईं।
संपूर्ण गोष्ठी सौहार्द, साहित्यिक समृद्धि और रचनात्मक ऊर्जा से परिपूर्ण रही। आयोजक—श्री साहित्य कुंज, जमशेदपुर।

