उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय हेसैलटांड़ में छात्रों की अच्छी-खासी उपस्थिती दर्शा रहा है शिक्षकों की मेहनत का सकारात्मक असर
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: नाला प्रखंड अंतर्गत उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय हेसैलटांड़ में बच्चों की अच्छी खासी उपस्थिति देखी जा रही है। विद्यालय में कुल 41 नामांकित बच्चों में 35 बच्चों की उपस्थिति दर्ज की गई, जो शिक्षा के प्रति बढ़ती जागरूकता और विद्यालय टीम की सक्रिय पहल का परिणाम है। विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक मीसील बेसरा और शिक्षक वसीम अकरम द्वारा समुदाय एवं अभिभावकों से सतत संपर्क, नियमित गृह-भ्रमण और बच्चों को स्कूल से जोड़ने के प्रयासों ने उल्लेखनीय प्रभाव डाला है।
विद्यालय में शिक्षण को रोचक बनाने के लिए गतिविधि-आधारित पद्धति, समूह कार्य, खेल-खेल में सीखने की तकनीक और नियमित मूल्यांकन को अपनाया गया है। इससे बच्चों की रुचि बढ़ी है और वे नियमित रूप से विद्यालय आने के लिए प्रेरित हुए हैं। दोनों शिक्षकों ने बच्चों के लिए प्रेरणादायक वातावरण तैयार किया है, जिससे विद्यालय में शैक्षणिक माहौल मजबूत हुआ है।
अभिभावकों ने भी बताया कि बच्चों में पढ़ाई के प्रति रुचि और व्यवहार में सकारात्मक बदलाव आया है। विद्यालय प्रबंधन का कहना है कि लक्ष्य 100 प्रतिशत उपस्थिति की ओर लगातार बढ़ना है और इसके लिए समुदाय एवं विद्यालय मिलकर काम करते रहेंगे।
हेसैलटांड़ विद्यालय की यह उपलब्धि ग्रामीण शिक्षा व्यवस्था में प्रेरक उदाहरण बन रही है और अन्य विद्यालयों के लिए भी सकारात्मक संदेश दे रही है।

