राष्ट्र संवाद संवाददाता
सरायकेला : नगर क्षेत्र में बिजली व्यवस्था सुधार की दिशा में बड़ी प्रगति हुई है। लंबे समय से विरोध के कारण बंद पड़ा तीसरे फीडर का कार्य अब फिर शुरू होने जा रहा है। नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी के प्रयासों से बस्तीवासियों और विद्युत विभाग के बीच सहमति बनी।
बताया गया कि वर्तमान में शहर में केवल दो फीडरों से बिजली आपूर्ति होने के कारण ओवरलोड, ट्रिपिंग और लो-वोल्टेज की समस्या बनी रहती है। RDDS योजना के तहत 33 हजार लाइन से तीसरे फीडर का कार्य प्रस्तावित था, लेकिन राजबंध बस्ती में विरोध के चलते काम रुका हुआ था।
वार्ड पार्षद ज्योति साहू के आवास पर हुई बैठक में बिजली विभागीय अधिकारियों और स्थानीय लोगों ने भाग लिया। बस्तीवासियों ने सुरक्षा को लेकर चिंता जताई, जिस पर विभाग ने सभी सुरक्षा मानकों का पालन करने का आश्वासन दिया।
इस दौरान अध्यक्ष मनोज चौधरी ने कहा कि जनता की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है, लेकिन शहर की मूलभूत सुविधाओं को भी बाधित नहीं होने दिया जा सकता। उन्होंने कहा कि सुरक्षा और सुविधा दोनों के बीच संतुलन बनाकर कार्य करना जरूरी है।
बैठक के बाद आवश्यक सुरक्षा उपायों के साथ कार्य आगे बढ़ाने पर सहमति बनी। तीसरे फीडर के चालू होने से नगर क्षेत्र की बिजली व्यवस्था में व्यापक सुधार की उम्मीद जताई जा रही है।

