नारी सशक्तिकरण के क्षेत्र में ऐतिहासिक कार्य कर रही है मोदी सरकार : सांसद बिद्युत बरण महतो
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर के सांसद बिद्युत बरण महतो ने देश में महिलाओं के सशक्तिकरण को लेकर केंद्र सरकार द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत में नारी सशक्तिकरण का एक नया युग प्रारंभ हुआ है। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रही हैं और सरकार की योजनाएं उन्हें सशक्त, सुरक्षित और आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
सांसद श्री महतो ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम के माध्यम से संसद और राज्य की विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण प्रदान करने का ऐतिहासिक निर्णय लिया गया है, जो देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था में महिलाओं की भागीदारी को और अधिक मजबूत करेगा। यह कदम आने वाले समय में महिला नेतृत्व को नई दिशा देगा।
उन्होंने आगे कहा कि स्वच्छ भारत मिशन के तहत देशभर में करोड़ों शौचालयों का निर्माण किया गया है, जिससे महिलाओं को खुले में शौच से मुक्ति मिली है और उनके सम्मान एवं सुरक्षा को सुनिश्चित किया गया है। यह पहल ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में महिलाओं के जीवन स्तर में व्यापक सुधार लाने में सफल रही है साथ ही, मुद्रा योजना के अंतर्गत महिलाओं को बड़ी संख्या में ऋण उपलब्ध कराए गए हैं, जिससे वे स्वरोजगार की ओर अग्रसर होकर आत्मनिर्भर बन रही हैं। इससे न केवल महिलाओं की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ हुई है, बल्कि देश की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिली है।
सांसद श्री बिद्युत बरण महतो ने कहा कि मोदी सरकार का यह कार्यकाल वास्तव में नारी सशक्तिकरण का स्वर्णिम काल है, जहां महिलाओं को सम्मान, सुरक्षा और समान अवसर प्रदान करने की दिशा में लगातार प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में भारत की महिलाएं और अधिक सशक्त होकर राष्ट्र निर्माण में अपनी अहम भूमिका निभाएंगी।

