बाल संरक्षण पर जोर, जागरूकता और समन्वय बढ़ाने के निर्देश
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: समाहरणालय सभागार में जिला बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें बच्चों की सुरक्षा और कल्याण से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर समीक्षा की गई। बैठक में जिला बाल संरक्षण इकाई में रिक्त पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया, जागरूकता कार्यक्रम और लापता बच्चों से संबंधित मामलों पर विशेष चर्चा हुई।
बैठक में निर्देश दिया गया कि रिक्त पदों के लिए प्राप्त आवेदनों की पारदर्शी तरीके से जांच कर जल्द नियुक्ति प्रक्रिया पूरी की जाए। विद्यालय स्तर पर बाल विवाह और बाल अधिकारों को लेकर जागरूकता बढ़ाने के लिए पोर्टेबल प्रोजेक्टर के माध्यम से अभियान चलाने पर जोर दिया गया।
लापता बच्चों के मिल जाने पर संबंधित थाने को सूचना देकर मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही विभिन्न स्तरों पर गठित बाल संरक्षण समितियों के कार्यों की समीक्षा करते हुए सभी संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर बल दिया गया।
इसके अलावा बाल विवाह और बाल श्रम के मामलों में नियमित कार्रवाई करने तथा बच्चों के अधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।

