घाटशिला में विधायक संजीव सरदार की बड़ी सेंधमारी, सैकड़ों भाजपा समर्थक झामुमो में हुए शामिल
राष्ट्र संवाद संवाददाता
घाटशिला विधानसभा उपचुनाव के मद्देनज़र झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) अब फ्रंट फुट पर खेल रही है। झामुमो के स्टार प्रचारक और पोटका के विधायक संजीव सरदार ने रविवार को घाटशिला विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों का दौरा कर ग्रामीणों से मुलाकात की और झामुमो प्रत्याशी सोमेश चंद्र सोरेन के पक्ष में मतदान करने की अपील की।
इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणों खास कर महिलाओं ने भाजपा छोड़कर झामुमो की सदस्यता ग्रहण की। विधायक सरदार ने सभी नए सदस्यों को पार्टी का पट्टा पहनाकर उनका स्वागत किया। समाज के बुद्धिजीवी, ग्राम प्रधान, मांझी बाबा, नायके बाबा और युवाओं ने झामुमो पर अपना भरोसा जताते हुए कहा कि क्षेत्र के विकास और सम्मान की राह केवल झामुमो की सरकार ही दिखा सकती है।
विधायक सरदार ने कहा कि झामुमो जनता के हक, अधिकार और सम्मान की लड़ाई लड़ रही है। स्वर्गीय मंत्री रामदास सोरेन के अधूरे सपनों को उनके पुत्र सोमेश चंद्र सोरेन अब पूरा करेंगे।

