बेतिया में भीषण अगलगी: मुशहर टोली के 50 से ज्यादा घर जलकर राख, कई परिवार बेघर
राष्ट्र संवाद संवाददाता
बेतिया जिले के बैरिया प्रखंड अंतर्गत लौकरिया पंचायत के वार्ड संख्या 4 और 5 स्थित मुशहर टोली में अचानक लगी भीषण आग ने भारी तबाही मचा दी। तेज हवा के कारण आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप ले लिया, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। जान बचाने के लिए लोग घर छोड़कर भागने को मजबूर हो गए और अधिकतर परिवार अपना सामान तक नहीं निकाल सके।
आग इतनी भयावह थी कि देखते ही देखते करीब 50 से अधिक घर पूरी तरह जलकर राख हो गए। इस अग्निकांड में कई मवेशियों की झुलसकर मौके पर ही मौत हो गई, जबकि घरों में रखा अनाज, कपड़े, बर्तन समेत रोजमर्रा की जरूरी वस्तुएं भी जलकर नष्ट हो गईं। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक इस घटना में लाखों रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है।
इस अचानक आई आपदा ने कई परिवारों को बेघर कर दिया है। प्रभावित लोग अब खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं और उनके सामने भोजन व आश्रय का संकट खड़ा हो गया है।
घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। हालांकि, आग लगने के कारणों का अब तक पता नहीं चल पाया है।
प्रशासन ने मामले का संज्ञान लेते हुए नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है। अधिकारियों के अनुसार प्रभावित परिवारों को जल्द से जल्द राहत सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी।

