बेल देवी को दशहरा का निमंत्रण, आज होगा जोड़ा बेल पूजन
बेगूसराय /राष्ट्र संवाद ब्यूरो
नया नगर दुलारपुर स्थित शिव दुर्गा मंदिर में दशहरा के अवसर पर मां दुर्गा की पूजा-अर्चना के साथ पारंपरिक धार्मिक अनुष्ठान जारी हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को बेल देवी को दशहरा उत्सव में शामिल होने का निमंत्रण दिया गया। मंदिर के पुजारी अशोक सिंह, मुख्य पंडित बिट्टू कुमार मिश्रा सहित श्रद्धालु मंदिर की परिक्रमा करने के बाद बैंड-बाजे के साथ बेल वृक्ष के पास पहुंचे। वहां विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर बेल देवी को आमंत्रित किया गया। शुक्रवार को बेल पूजन किया गया, जबकि शनिवार को जोड़ा बेल मंदिर लाया जाएगा।
इस अनुष्ठान में सुनील कुमार सिंह, संजय सिंह, सुधीर चौधरी, रवि कुमार एवं हरवंश कुमार सिंह सहित अन्य श्रद्धालु शामिल हुए। पुजारी ने बेल वृक्ष की विधिवत पूजा की। इसके बाद जोड़ा बेल पर नारियल और लाल कपड़ा बांधकर बेल देवी को दशहरा में आने का निमंत्रण दिया गया।
शारदीय नवरात्र की सप्तमी तिथि पर बेल वृक्ष की पूजा और जोड़ा बेल लाने की परंपरा का विशेष महत्व है। इसे शक्ति उपासना से जुड़ा विधान माना जाता है। ग्रामीण इस परंपरा को बेटी की विदाई के समान भावनात्मक रस्म के रूप में देखते हैं। इस दौरान हल्दी खेलने की परंपरा भी निभाई जाती है। पूजन के बाद जोड़ा बेल को सम्मानपूर्वक मंदिर लाकर दशहरा उत्सव में शामिल किया जाएगा।

