विजयदशमी पर आरएसएस का गुंजा राष्ट्र सेवा का संदेश
तेघड़ा में राष्ट्रीय स्वयंसेवक का भव्य पथ संचलन
बेगूसराय /राष्ट्र संवाद ब्यूरो
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की तेघड़ा नगर इकाई ने शुक्रवार को त्रिवेणी मार्केट में विजयादशमी उत्सव का आयोजन किया। इस अवसर पर स्वयंसेवकों ने पथ संचलन कर अनुशासन, एकजुटता और राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया। संचलन के दौरान विभिन्न स्थानों पर लोगों ने पुष्प वर्षा कर स्वयंसेवकों का स्वागत किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता तेघड़ा नगर नगर कार्यवाह उमेश कुमार ने की, जबकि संचालन जिला कार्यकारिणी सदस्य सुरेंद्र कुमार ने किया।
त्रिवेणी मार्केट से शुरू हुआ पथ संचलन
पथ संचलन त्रिवेणी मार्केट से शुरू हुआ, इसके बाद स्वयंसेवक पश्चिम मार्केट होते कन्हैया भवन से स्टेशन रोड होते राधा कृष्ण दिव्य धाम पहुंचे, जहां संचलन का समापन हुआ।
भारत माता और संघ संस्थापकों को किया नमन
कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि एवं प्रांतीय कार्यवाह बौद्धिक वक्ता अभय कुमार गर्ग जिला प्रचार प्रमुख रजनीश कुमार ने भारत माता, संघ के संस्थापक डॉ केशव बलिराम हेडगेवार के चित्रों पर पुष्प अर्पित किये।
विजयादशमी सत्य की असत्य पर विजय का प्रतीक
अपने बौद्धिक संबोधन अभय कुमार गर्ग ने कहा कि विजयादशमी का पर्व सत्य की असत्य पर विजय और धर्म की अधर्म पर जीत का प्रतीक है। यह पर्व राष्ट्रभक्ति, अनुशासन, सेवा, संस्कार और सामाजिक दायित्वों के प्रति जागरूक होने की प्रेरणा देता है। उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की 100 वर्षों की यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि संघ की स्थापना 27 सितंबर 1925 को विजयादशमी के दिन नागपुर में डॉ केशव बलिराम हेडगेवार ने की थी। उन्होंने संघ के शताब्दी वर्ष को समाज को संगठित करने, नागरिकों में चरित्र निर्माण और राष्ट्र के प्रति कर्तव्यबोध मजबूत करने का अवसर बताया।
राष्ट्र निर्माण में प्रत्येक नागरिक की अहम भूमिका
जिला व्यवस्था प्रमुख अविनाश कुमार ने कहा कि राष्ट्र निर्माण केवल सरकार के प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसमें प्रत्येक नागरिक की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। स्वच्छता, शिक्षा, जरूरतमंदों की सहायता, महिला सम्मान और सामाजिक सद्भाव जैसे कार्यों के माध्यम से हर व्यक्ति देश की प्रगति में योगदान दे सकता है।
स्वयंसेवकों ने लिया समाजसेवा और राष्ट्रहित का संकल्प
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित स्वयंसेवकों ने सेवा, संस्कार, सामाजिक एकता और राष्ट्रहित में कार्य करने का संकल्प लिया.
इस अवसर पर शारीरिक शिक्षण प्रमुख मुकेश कुमार ,सह प्रमुख शशि भूषण कुमार
सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।

