सिदगोड़ा में विवाहित महिला ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, देवर पर प्रताड़ना का आरोप, थाना में हंगामा
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत ओल्ड बारीडीह में एक विवाहित महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान प्रियंका कुमारी के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही सिदगोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
इधर, मृतका के परिजनों ने सिदगोड़ा थाना पहुंचकर जमकर हंगामा किया और प्रियंका के देवर पर मानसिक प्रताड़ना का गंभीर आरोप लगाया। परिजनों का कहना है कि प्रियंका का देवर अमन ऑस्ट्रेलिया में रहता है और दो दिन पहले ही भारत आया था। उसके द्वारा की जा रही प्रताड़ना से तंग आकर ही प्रियंका ने आत्महत्या जैसा कदम उठाया।
परिजनों ने बताया कि प्रियंका के दो छोटे-छोटे बच्चे हैं। उसकी शादी वर्ष 2017 में विजया गार्डन निवासी प्रशांत कुमार से हुई थी, जो टाटा स्टील में कार्यरत हैं। घटना के बाद से परिवार में मातम पसरा हुआ है और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।
फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों के आरोपों के आधार पर पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए कार्रवाई की जाएगी।

