राष्ट्र संवाद संवाददाता
जवाहर नवोदय विद्यालय, बहरागोड़ा में विद्यालय प्रबंधन समिति एवं विद्यालय सलाहकार समिति की संयुक्त बैठक आयोजित की गई, जिसमें उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी बतौर अध्यक्ष शामिल हुए। बैठक में विद्यालय के बुनियादी ढांचे, शिक्षा की गुणवत्ता, छात्रों की सुरक्षा, बजट उपयोग और चयन परीक्षा की तैयारियों समेत विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
उपायुक्त ने विद्यालय की कक्षाओं, प्रयोगशालाओं, खेल मैदान, भोजनालय और छात्रावासों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शिक्षण व्यवस्था, अनुशासन, विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति और सह-पाठयक्रम गतिविधियों की जानकारी ली। साथ ही छात्रों के सर्वांगीण विकास, बेहतर भविष्य निर्माण और करियर काउंसलिंग की आवश्यकता पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि नवोदय विद्यालयों में अधिकांशतः ग्रामीण परिवेश के प्रतिभावान छात्र शिक्षा ग्रहण करते हैं, इसलिए उनके मानसिक और शारीरिक विकास पर विशेष ध्यान देना जरूरी है। उन्होंने नियमित खेलकूद, आउटरीच कार्यक्रम और अन्य गतिविधियों को बढ़ावा देने की आवश्यकता बताई।
इस अवसर पर उपायुक्त ने छात्रों से संवाद करते हुए उन्हें लक्ष्य निर्धारण, अनुशासन, मेहनत और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। उन्होंने छात्रों को अपने माता-पिता और समाज के सपनों को साकार करने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। उपायुक्त ने विद्यालय में उपलब्ध शिक्षा, खेल मैदान और स्मार्ट कक्षाओं की सराहना करते हुए आधारभूत संरचनाओं के सुदृढ़ीकरण और सुविधाओं के विस्तार के लिए हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
उन्होंने शिक्षकों की कमी दूर करने और छात्रों के नियमित स्वास्थ्य जांच के लिए एमओआईसी बहरागोड़ा को विद्यालय प्रबंधन के साथ समन्वय कर हेल्थ कार्ड अपडेट करने का निर्देश दिया।
इस मौके पर प्रखंड विकास पदाधिकारी केशव भारती, अंचल अधिकारी राजा राम मुंडा, एमओआईसी बहरागोड़ा, विद्यालय के प्राचार्य, प्रबंधन समिति के सदस्य एवं अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।

