15 हजार रुपये रिश्वत लेते प्रधान लिपिक रंगे हाथ गिरफ्तार
राष्ट्र संवाद संवाददाता
चतरा: भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) हजारीबाग की टीम ने गुरुवार को चतरा अनुमंडल दंडाधिकारी कार्यालय के प्रधान लिपिक बासुदेव राम को 15 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी आवेदक बिलास यादव की शिकायत पर की गई। जानकारी के अनुसार, हंटरगंज थाना क्षेत्र के बेला गांव निवासी 60 वर्षीय बिलास यादव ने एसीबी को दिए आवेदन में आरोप लगाया था कि ग्राम बेला स्थित उनकी जमीन से जुड़े वाद संख्या 10/2018 में अनुमंडल दंडाधिकारी, चतरा द्वारा उनके पक्ष में फैसला सुनाया गया था। इस आदेश की नकल प्राप्त करने के लिए उन्होंने अनुमंडल दंडाधिकारी कार्यालय के प्रधान लिपिक बासुदेव राम से संपर्क किया था। आरोप है कि आदेश की नकल देने के एवज में प्रधान लिपिक ने उनसे रिश्वत की मांग की। शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने मामले का सत्यापन कराया। सत्यापन में रिश्वत मांगने की पुष्टि होने के बाद एसीबी थाना हजारीबाग कांड संख्या 10/2026, दिनांक 7 अक्टूबर 2026 दर्ज किया गया। इसके बाद एसीबी की गठित ट्रैप टीम ने दंडाधिकारी एवं दो सरकारी गवाहों की मौजूदगी में 8 अक्टूबर को कार्रवाई की। टीम ने आवेदक से 15,000 रुपये रिश्वत लेते हुए बासुदेव राम को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद एसीबी की टीम द्वारा आरोपी के विरुद्ध आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।

