राष्ट्र संवाद संवाददाता
नीमडीह प्रखंड क्षेत्र में मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत दो महत्वपूर्ण सड़कों के निर्माण कार्य का शुभारंभ सोमवार को विधायक सविता महतो ने विधिवत शिलापट्ट का अनावरण कर किया। इन परियोजनाओं के तहत कुल 5 किलोमीटर लंबी सड़कों का निर्माण करीब 3 करोड़ 89 लाख रुपये की लागत से किया जाएगा। इसमें भांगाट से राकाड़ तक 2.6 किमी सड़क का निर्माण लगभग 1 करोड़ 82 लाख रुपये तथा पीडब्ल्यूडी पथ मांझाडीह मोड़ से माकुला भाया बानडीह तक 2.4 किमी सड़क का निर्माण करीब 2 करोड़ 7 लाख रुपये की लागत से प्रस्तावित है। शिलान्यास समारोह को संबोधित करते हुए विधायक सविता महतो ने कहा कि ये सड़कें क्षेत्र के विकास की दिशा में मील का पत्थर साबित होंगी। उन्होंने बताया कि वर्षों से जर्जर सड़कों के कारण ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था, विशेषकर बरसात के मौसम में स्थिति और भी दयनीय हो जाती थी। अब इन सड़कों के निर्माण से गांवों के बीच संपर्क सुदृढ़ होगा, किसानों को अपनी उपज बाजार तक पहुंचाने में सहूलियत मिलेगी, वहीं छात्र-छात्राओं और मरीजों को भी आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने आगे कहा कि क्षेत्र का समग्र विकास उनकी प्राथमिकता है और सड़क, शिक्षा व स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास जारी हैं। विधायक ने आश्वस्त किया कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा कराया जाएगा। साथ ही उन्होंने भविष्य में और भी विकास योजनाएं लाने की बात कही, ताकि हर गांव तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाई जा सकें। इस मौके पर ग्रामीण कार्य विभाग के कार्यपालक अभियंता अजय तिर्की, कनीय अभियंता संजय महतो, जिला परिषद सदस्य असित सिंह पातर, झामुमो केंद्रीय सदस्य काबलू महतो, प्रखंड अध्यक्ष सचिन गोप, प्रमुख फूलमनी हांसदा, मुखिया वरुण सिंह, मृत्युंजय तंतुवाय, सुजीत महतो, ग्राम प्रधान सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

