खूंटी, चाईबासा और चांडिल में बार भवन का शिलान्यास
राष्ट्र संवाद संवाददाता
खूंटी : मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने सोमवार को खूंटी कचहरी परिसर में खूंटी, चाईबासा और चांडिल के प्रस्तावित बार भवन का शिलान्यास किया। कार्यक्रम में झारखंड उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति तरलोक सिंह चौहान सहित न्यायाधीशगण मौजूद रहे। चाईबासा और चांडिल के बार भवन का ऑनलाइन शिलान्यास किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य आने वाले तीन वर्षों में सभी जिलों में सुंदर और सुव्यवस्थित बार भवन बनाना है। इसके लिए 132 करोड़ 84 लाख रुपये की राशि उपलब्ध कराई गई है।

उन्होंने कहा कि झारखंड देश का पहला राज्य है जो अधिवक्ताओं को पेंशन प्रदान कर रहा है। साथ ही स्वास्थ्य बीमा और स्टाइपेंड जैसी योजनाएं भी लागू हैं। मुख्यमंत्री ने इसे न्यायिक व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया। इस अवसर पर सांसद कालीचरण मुंडा, विधायक राम सूर्या मुंडा, विधायक सुदीप गुड़िया, महाधिवक्ता राजीव रंजन समेत बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।


