
*lसमय पर जांच और इलाज से कैंसर पर पाया जा सकता है नियंत्रण
*पोटका सीएचसी में राष्ट्रीय कैंसर जागरूकता दिवस पर अभियान, शुरुआती लक्षणों और बचाव के उपायों की दी गई जानकारी*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, पोटका
राष्ट्रीय कैंसर जागरूकता दिवस के अवसर पर शनिवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), पोटका में कैंसर जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। सिविल सर्जन, पूर्वी सिंहभूम डॉ. साहिर पाल के निर्देश पर आयोजित कार्यक्रम में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. सुकांत सीट ने कहा कि कैंसर की समय पर पहचान और उचित इलाज से बीमारी पर नियंत्रण पाया जा सकता है। अभियान का उद्देश्य लोगों को कैंसर के लक्षणों, कारणों, बचाव और समय पर उपचार के प्रति जागरूक करना है।
जिला कुष्ठ परामर्शी डॉ. राजीव लोचन महतो ने कैंसर के शुरुआती लक्षणों की जानकारी देते हुए बताया कि मुंह या जीभ में लंबे समय तक ठीक न होने वाले छाले, सफेद या लाल निशान, गले अथवा मुंह में बिना दर्द वाली गांठ और बिना किसी स्पष्ट कारण के वजन घटना कैंसर के संभावित संकेत हो सकते हैं। ऐसे लक्षण दिखने पर चिकित्सकीय जांच कराने की सलाह दी गई।
उन्होंने कैंसर से बचाव के लिए तंबाकू और शराब से दूरी रखने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा नियमित कैंसर स्क्रीनिंग कराने पर जोर दिया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक अनामिका सिंह, प्रखंड लेखा प्रबंधक मनोज कुमार, डाटा प्रबंधक धर्मपाल मंडल, धर्मराज महतो, बीएएफ टुनु रानी मंडल, टुकटुकी मंडल, बधाई मुर्मू सहित स्वास्थ्य केंद्र के सभी कर्मचारियों का योगदान रहा।

