
पूर्व पार्षद की 22 वर्षीय पुत्री सिमरन का निधन, गम्हरिया में शोक
*डेढ़ महीने से वेल्लोर में चल रहा था इलाज, घर लौटने के दौरान रास्ते में तोड़ा दम*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, गम्हरिया
पूर्व पार्षद सिद्धनाथ सिंह एवं संध्या सिंह की 22 वर्षीय पुत्री सिमरन कुमारी का गंभीर बीमारी के कारण निधन हो गया। करीब डेढ़ महीने से उनका इलाज सीएमसी वेल्लोर में चल रहा था। चिकित्सकों द्वारा जवाब दिए जाने के बाद परिजन उन्हें एंबुलेंस से गम्हरिया वापस ला रहे थे, इसी दौरान रास्ते में उनकी मौत हो गई।
सिमरन ने मणिपाल विश्वविद्यालय से बीएससी एमएलटी की पढ़ाई पूरी करने के बाद आदित्यपुर स्थित नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज अस्पताल में लैब टेक्नोलॉजिस्ट के रूप में करियर शुरू किया था। हालांकि, बीमारी की चपेट में आने के कारण वह महज पांच दिन ही ड्यूटी कर सकीं। तीन बहनों और एक भाई में वह सबसे बड़ी थीं।
शनिवार को पार्वती घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया। इससे पूर्व आवास से निकली शवयात्रा में नगर परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष पुरेंद्र नारायण सिंह, पार्षद नीतू शर्मा, विनीता कुमारी, शुभम पांडेय, क्षत्रिय समाज के अध्यक्ष जितेंद्र सिंह सहित कई सामाजिक कार्यकर्ता, सहपाठी और शुभचिंतक शामिल हुए।

