क्षतिग्रस्त सड़कों की तत्काल मरम्मत करें, लंबित योजनाएं 15 दिनों में शुरू हों: उपायुक्त
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में शनिवार को समाहरणालय सभागार में तकनीकी विभागों की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में ग्रामीण कार्य विभाग, पथ निर्माण, विशेष प्रमंडल, भवन निर्माण एवं भवन निगम की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
उपायुक्त ने बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों को प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत कर आवागमन योग्य बनाने का निर्देश दिया, ताकि पर्व-त्योहार के दौरान लोगों को परेशानी न हो। उन्होंने शिलान्यास के बावजूद शुरू नहीं हुई योजनाओं को 15 दिनों के भीतर प्रारंभ करने अथवा नियमानुसार रद्द करने को कहा। संवेदकों की लापरवाही मिलने पर उन्हें डिबार करने की कार्रवाई का निर्देश भी दिया।
बैठक में वन विभाग की एनओसी, भूमि सीमांकन सहित अन्य लंबित मामलों को संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर शीघ्र निष्पादित करने पर जोर दिया गया। उपायुक्त ने सभी विभागों को स्वीकृत योजनाएं निर्धारित समय-सीमा में पूरी करने का निर्देश दिया। बैठक में उप विकास आयुक्त नागेन्द्र पासवान सहित विभिन्न तकनीकी विभागों के अभियंता उपस्थित थे।

