कृषि निर्यात को बढ़ावा देने के लिए कृषक क्षमता संवर्धन कार्यशाला आयोजित
राष्ट्र संवाद संवाददाता
राजेश कुमार,खोदावंदपुर/बेगूसराय। बेगूसराय में कृषि निर्यात को बढ़ावा देने और किसानों को अंतरराष्ट्रीय बाजार के अवसरों से अवगत कराने के उद्देश्य से गुरुवार को कृषि विज्ञान केंद्र खोदावंदपुर परिसर में कृषक क्षमता संवर्धन कार्यशाला का आयोजन किया गया. कृषि विज्ञान केंद्र खोदावंदपुर एवं कृषि और प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण, पटना के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में 40 से अधिक किसानों ने भाग लिया. कार्यशाला में एपीडा, पटना के सौरभ कुमार, प्रादन एनजीओ के अभिषेक कुमार, नाबार्ड, बेगूसराय की सहायक महाप्रबंधक एवं जिला विकास प्रबंधक आभा कुमारी तथा जिला कृषि विपणन पदाधिकारी, बेगूसराय अभय कुमार ने किसानों को कृषि निर्यात की प्रक्रिया और अंतरराष्ट्रीय बाजार की मांग के बारे में जानकारी दी. वक्ताओं ने निर्यात योग्य कृषि उत्पादों के उत्पादन के साथ गुणवत्ता मानकों, ग्रेडिंग, छंटाई एवं पैकेजिंग के महत्व पर विस्तार से चर्चा की. इस अवसर पर कृषि विज्ञान केंद्र खोदावंदपुर, बेगूसराय के वरीय वैज्ञानिक एवं प्रमुख डॉ. रामकृष्ण राय ने कहा कि बिहार में फल एवं सब्जियों सहित विभिन्न कृषि उत्पादों के निर्यात की व्यापक संभावनाएं हैं. किसानों को वैज्ञानिक कृषि तकनीकों को अपनाने, गुणवत्तायुक्त उपज तैयार करने तथा बाजार की मांग के अनुरूप फसलों का चयन करने की जरूरत है. उन्होंने कहा कि कृषि निर्यात से जुड़कर किसान अपनी उपज के लिए बेहतर बाजार तलाश सकते हैं और आय बढ़ाने की दिशा में आगे बढ़ सकते हैं. इसके लिए उत्पादन से लेकर छंटाई, ग्रेडिंग और पैकेजिंग तक निर्धारित गुणवत्ता मानकों का पालन करना आवश्यक है. कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य किसानों को कृषि निर्यात के अवसरों, अंतरराष्ट्रीय बाजार की आवश्यकताओं एवं गुणवत्ता मानकों के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें निर्यातोन्मुख खेती अपनाने के लिए प्रोत्साहित करना था.
Breaking News Business Headlines कारोबार खबरें राज्य से पटना बिहार बेगूसराय मुंगेर मुजफ्फरपुर राष्ट्रीय समस्तीपुर

