किराना दुकान के शटर पर चलीं दो गोलियां, इलाके में दहशत
एक गोली से शटर में हुआ छेद, दूसरी गोली ने छोड़ा निशान;
सूचना मिलते ही गश्ती दल पहुंचा
बेगूसराय/ राष्ट्र संवाद ब्यूरो
कालीचरण चौक बाजितपुर, पिढ़ौली के वार्ड संख्या 11 स्थित भोला किराना स्टोर के शटर पर रविवार रात करीब 11:15 बजे दो गोलियां चलाए जाने से इलाके में दहशत फैल गई। दुकान रात करीब 8 बजे बंद हो गई थी। फायरिंग में एक गोली से शटर में छेद हो गया, जबकि दूसरी गोली शटर पर निशान छोड़ गई। गोली चलने की आवाज सुनकर थाना की गश्ती गाड़ी कुछ ही देर में मौके पर पहुंची और पुलिस ने रात में ही घटना का संज्ञान लिया।
दुकानदार गोपाल कुमार साह, पिता जंगली उर्फ गाछो साह ने तेघड़ा थाना में आवेदन देकर ग्रामीण सौरभ कुमार उर्फ पोलू के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई है। आवेदन में दुकानदार ने बताया है कि जेल से बाहर आने के बाद से उक्त व्यक्ति द्वारा उसे कथित रूप से डराने-धमकाने और रुपये मांगने की घटनाएं होती रही हैं। पुलिस से कार्रवाई का अनुरोध किया गया है।
स्थानीय स्तर पर यह भी बताया जा रहा है कि सौरभ कुमार उर्फ पोलू पर पूर्व में पंचायत के मुखिया अनुराग प्रताप सन्नी पर गोली चलाने का आरोप लगा था। इस मामले में उसके जेल जाने की बात भी सामने आई है।
थानाध्यक्ष क्रांति रमन ने बताया कि सौरभ कुमार उर्फ पोलू को करीब एक सप्ताह पहले वारंट के आधार पर गिरफ्तार कर न्यायालय भेजा गया था। वर्तमान घटना को लेकर आवेदक के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम द्वारा छापेमारी की जा रही है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटनास्थल से जुड़े साक्ष्यों और आवेदन में लगाए गए आरोपों के साथ घटना के अन्य पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

