जेईएम यूफोरिया-2026 में जुस्को स्कूल साउथ पार्क बना ओवरऑल चैंपियन
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। मिसेज केएमपीएम वोकेशनल कॉलेज की ओर से अंतर-विद्यालय सांस्कृतिक एवं प्रतिभा महोत्सव ‘जेईएम यूफोरिया-2026’ का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। इसमें जुस्को स्कूल कदमा, जुस्को स्कूल साउथ पार्क और काशीडीह हाई स्कूल के लगभग 300 विद्यार्थियों ने भाग लिया। विद्यार्थियों ने 13 विभिन्न प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता और आत्मविश्वास का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जेईएम फाउंडेशन की ट्रस्टी रुचि नरेंद्रन उपस्थित रहीं। उनके साथ फ्रांसिस जोसेफ, जिजू थॉमस, ज्योति प्रकाश, झुमझुमी नंदी, मिली सिन्हा और राकेश पांडेय सहित कई गणमान्य अतिथि मौजूद थे।
रुचि नरेंद्रन ने कहा कि यूफोरिया केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि युवा प्रतिभाओं, रचनात्मकता और आत्मविश्वास का उत्सव है। वहीं, कॉलेज की प्राचार्या डॉ. रीता कुमारी ने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा पहचानने और व्यक्तित्व विकास का अवसर प्रदान करते हैं।
महोत्सव में नृत्य, संगीत, अभिनय, चित्रकला, फोटोग्राफी, विज्ञापन प्रस्तुति, कागज कला, बास्केटबॉल और पेनाल्टी शूट सहित 13 प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। विभिन्न प्रतियोगिताओं में विशेषज्ञों ने निर्णायक की भूमिका निभाई।
कड़ी प्रतिस्पर्धा के बाद जुस्को स्कूल साउथ पार्क ने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए प्रतियोगिता की ओवरऑल चैंपियनशिप अपने नाम की। आयोजन को सफल बनाने में विभिन्न प्रायोजक संस्थानों का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा।

