बिना चालान पत्थर ढुलाई करते ट्रैक्टर जब्त
*चाईबासा-मिरुडीह सड़क पर खनन विभाग की कार्रवाई, वाहन पर लदे थे 100 घनफीट स्टोन बोल्डर*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, चाईबासा
अवैध खनिज परिवहन के खिलाफ जांच अभियान के दौरान जिला खनन विभाग की टीम ने चाईबासा-मिरुडीह सड़क से पत्थर लदे एक ट्रैक्टर (जेएच06जे-5391) को जब्त किया है। वाहन पर करीब 100 घनफीट स्टोन बोल्डर लदे थे। जांच में चालक खनिज परिवहन का वैध चालान, संबंधित दस्तावेज और कांटा पर्ची प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद विभागीय टीम ने ट्रैक्टर जब्त कर संबंधित थाना को सूचना दी तथा अगले आदेश तक वाहन को सुरक्षित रखने का अनुरोध किया है। मामले में खनन नियमों के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है। जिला खनन कार्यालय ने स्पष्ट किया है कि बिना वैध दस्तावेज खनिजों का परिवहन करने वालों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।

