गम्हरिया रेलवे स्टेशन रोड पर दो दुकानों के ताले टूटे, हजारों की चोरी
राष्ट्र संवाद संवाददाता, गम्हरिया
आदित्यपुर थाना क्षेत्र के गम्हरिया रेलवे स्टेशन रोड पर चोरों ने शुक्रवार की रात दो दुकानों को निशाना बनाते हुए हजारों रुपये के सामान और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। चोरों ने सेतु बिहार मोबाइल शॉप और दिलीप महतो की किराना दुकान का ताला तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया।
शनिवार की सुबह घटना की जानकारी मिलने पर आदित्यपुर पुलिस मौके पर पहुंची और दुकानदारों से पूछताछ कर घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पीड़ित दुकानदारों के अनुसार, दोनों दुकानों से करीब 20 हजार रुपये मूल्य के सामान और नकदी की चोरी हुई है। एक ही रात आसपास की दो दुकानों में चोरी की घटना से स्थानीय दुकानदारों में चिंता है।

