इंडेन विस्थापित-प्रभावित श्रमिक समिति के अध्यक्ष बने होपना हांसदा
*मंगल मार्डी को सात मतों से हराया, शत्रुघ्न महतो कोषाध्यक्ष निर्वाचित*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, गम्हरिया
गम्हरिया इंडेन बॉटलिंग प्लांट विस्थापित एवं प्रभावित श्रमिक सहयोग समिति लिमिटेड की प्रबंधकारिणी समिति का पांच वर्षीय चुनाव शनिवार को ऊपरबेड़ा सामुदायिक भवन में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। अध्यक्ष पद पर होपना हांसदा ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी मंगल मार्डी को सात मतों से पराजित कर जीत दर्ज की।
निर्वाचन पदाधिकारी सह गम्हरिया प्रखंड सहकारिता प्रसार पदाधिकारी अनीश कुमार की देखरेख में हुए चुनाव में समिति के कुल 40 सदस्यों में 38 ने मतदान किया। अध्यक्ष पद के लिए तीन प्रत्याशी मैदान में थे। होपना हांसदा को 21, मंगल मार्डी को 14 और जितेंद्र मंडल को तीन मत मिले।
कोषाध्यक्ष पद पर शत्रुघ्न महतो ने मुचि राम लोहार को पराजित किया। शत्रुघ्न महतो को 23, जबकि मुचि राम लोहार को 13 मत प्राप्त हुए। दो मत अवैध घोषित किए गए।
सचिव पद पर बुद्धेश्वर नायक तथा कार्यकारिणी सदस्य के रूप में विशेश्वर नायक, लासो माझी और मदन लोहार निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए। परिणाम की घोषणा के बाद सदस्यों ने सभी निर्वाचित पदाधिकारियों को माला पहनाकर स्वागत किया।

