परिसीमन बिल लोकतंत्र और संविधान की मूल आत्मा पर हमला : रियाजुद्दीन खान
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर, 28 नवंबर। कांग्रेस पॉलीटिकल अफेयर्स कमेटी के सदस्य रियाजुद्दीन खान ने केंद्र सरकार के प्रस्तावित परिसीमन बिल पर कड़ी आपत्ति जताते हुए इसे लोकतंत्र विरोधी और संविधान की मूल आत्मा पर हमला करार दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा पक्षपाती परिसीमन (जेरीमेंडरिंग) के जरिए सत्ता में बने रहने का अनैतिक प्रयास कर रही है।
खान ने कहा कि परिसीमन के बहाने दलितों, आदिवासियों और अल्पसंख्यकों का लोकसभा एवं विधानसभा में प्रतिनिधित्व कम करने की साजिश की जा रही है। उन्होंने आशंका जताई कि चुनाव क्षेत्रों की सीमाओं में बदलाव कर इन वर्गों के राजनीतिक प्रभाव को समाप्त किया जा सकता है। इससे सीटें तो बढ़ेंगी, लेकिन इन समुदायों की भागीदारी घट जाएगी।
उन्होंने सभी गैर-भाजपा राजनीतिक दलों से एकजुट होकर परिसीमन बिल का विरोध करने की अपील की। साथ ही 30 नवंबर से 3 दिसंबर तक संसद के विशेष सत्र में गैर-भाजपा सांसदों से बिल के विरोध में मतदान कर लोकतंत्र और संविधान की रक्षा करने का आग्रह किया。

