विद्यार्थियों को बताया, सड़क दुर्घटना से बचाव के उपाय
राष्ट्र संवाद संवाददाता, सरायकेला
सड़क पर थोड़ी सी लापरवाही किसी की जिंदगी पर भारी पड़ सकती है। यातायात नियमों का पालन कर न केवल खुद को, बल्कि दूसरों को भी सुरक्षित रखा जा सकता है। शनिवार को सड़क सुरक्षा पखवाड़ा के तहत अनुसूचित जनजाति आवासीय उच्च विद्यालय, संजय में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में विद्यार्थियों को यह संदेश दिया गया।
जिला परिवहन पदाधिकारी के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों को यातायात संकेतों, सुरक्षित आवागमन, हेलमेट एवं सीट बेल्ट के महत्व और सड़क दुर्घटनाओं से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। इस दौरान हिट एंड रन मुआवजा योजना तथा गुड सेमेरिटन योजना के बारे में भी बताया गया। विद्यार्थियों को समझाया गया कि दुर्घटना में घायल व्यक्ति की मदद करने वाले नेक नागरिकों को कानूनी संरक्षण और प्रोत्साहन राशि देने का प्रावधान है।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों से सड़क दुर्घटना के पीड़ितों की सहायता के लिए संवेदनशीलता दिखाने और यातायात नियमों के प्रति समाज को जागरूक करने की अपील की गई। जिला प्रशासन ने भी जिलेवासियों से हेलमेट, सीट बेल्ट और गति सीमा संबंधी नियमों का पालन करने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन से दूर रहने का आग्रह किया।

