नवजात बेटी को देखने निकला पिता, अस्पताल पहुंचने से पहले ही थम गईं सांसें
*निष्ठुर नियति ने पिता-पुत्री का पहला मिलन भी नहीं होने दिया, गाँव में मातम का सन्नाटा*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, चाईबासा
किसी घर में बेटी के जन्म से बड़ी खुशी क्या होगी! लेकिन सेरेनगडीह गांव के सूरज बिरुवा के परिवार की खुशियां शुक्रवार को ऐसी उजड़ीं कि अब उस घर में हर खुशी के साथ एक टीस भी जुड़ी रहेगी। 30 वर्षीय सूरज अपनी नवजात बेटी को देखने सदर अस्पताल चाईबासा जा रहे थे। बेटी का चेहरा देखने, उसे गोद में लेने और पहली बार पिता होने का सुख महसूस करने की चाह मन में थी। मगर रास्ते में हुए सड़क हादसे ने उनकी जिंदगी छीन ली। पिता-पुत्री का पहला मिलन होने से पहले ही बिछोह की कहानी लिख दी गई।
मंझारी प्रखंड निवासी सूरज गुजरात में मजदूरी करते थे। शुक्रवार देर शाम मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के तुईवीर पंचायत भवन के पास मोड़ पर उनकी स्कूटी सड़क किनारे खड़े टेलर वाहन से टकरा गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल सूरज को सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
परिजनों ने मोड़ पर बिना किसी चेतावनी संकेत के टेलर वाहन खड़ा रहने पर सवाल उठाए हैं। सामाजिक अगुवा रेयांश सामड और बड़े भाई पूर्णचंद्र बिरुवा ने वाहन के पीछे सुरक्षा संकेत और इंडिकेटर नहीं होने को दुर्घटना का संभावित कारण बताया।
सूरज अपने पीछे एक बेटा और नवजात बेटी छोड़ गए हैं। उस बच्ची के जीवन की शुरुआत ही पिता के साये के बिना हुई है। वह न पिता की उंगली पकड़ सकेगी, न उनकी गोद में खेल सकेगी। जिस पिता ने उसे देखने के लिए सफर शुरू किया था, वह सफर कभी पूरा नहीं हुआ। सेरेनगडीह गांव में इस असमय मौत से मातम पसरा है।

