समाहरणालय के समक्ष झामुमो का एकदिवसीय प्रदर्शन
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर, झारखंड मुक्ति मोर्चा केंद्रीय नेतृत्व के निर्देश पर शनिवार को जमशेदपुर जिला कमेटी की ओर से समाहरणालय के समक्ष एकदिवसीय धरना प्रदर्शन किया गया. यह धरना केंद्र सरकार द्वारा लाए गए VB-G RAM G बिल के विरोध में आयोजित किया गया. धरना प्रदर्शन का नेतृत्व पूर्व विधायक कुणाल षाडंगी ने किया धरना को संबोधित करते हुए ने कुणाल षाडंगी ने कहा कि केंद्र सरकार ने मनरेगा से राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का नाम हटाकर नया कानून लाया है, जो पूरी तरह अनुचित है. उन्होंने आरोप लगाया कि इस कानून के माध्यम से मजदूरों के अधिकारों पर कुठाराघात किया जा रहा है. उन्होंने स्पष्ट कहा कि जब तक यह बिल वापस नहीं लिया जाता, तब तक झामुमो सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष जारी रखेगी. उन्होंने केंद्र सरकार पर मनमानी और तानाशाही रवैया अपनाने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि गरीबों, मजदूरों, आदिवासियों, पिछड़े वर्ग और अल्पसंख्यकों पर जबरन गलत कानून थोपे जा रहे हैं. उन्होंने यह भी कहा कि झामुमो कार्यकर्ता दिशोम गुरु शिबू सोरेन के सपनों को टूटने नहीं देंगे और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य के विकास को हर हाल में आगे बढ़ाया जाएगा.

