राष्ट्र संवाद संवाददाता
पोटका। 11 करोड़ रुपए के लागत से नवनिर्मित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र( सी एच सी) भवन पोटका के हवा में गिरने की जांच की मांग को लेकर झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा(जे के एल एम) कि ओर से पोटका प्रखंड कार्यालय के समक्ष एक दिवसीय धरना दिया गया। इस धरना में पोटका विधान सभा के पूर्व प्रत्याशी भागीरथी हंसदा, घाटशिला के पूर्व प्रत्याशी राम दास मुर्मू, फनी भूषण महतो, दिनेश महतो, पूनम महतो, जालिम मारदी, बिमल महतो, विनोद स्वासी, शंकर भगत, मंगल करुआ, उज्जवल महतो, राजा कालिंदी आदि मुख्य रूप से उपस्थित थे।
धरना में मुख्य रूप से उपस्थित नेताओं ने कहा कि यह विडंबना ही है कि 11 करोड़ की लागत से बना सीएचसी भवन महज हल्की हवा एवं पानी में धराशाई हो गया। भवन का रैंप एवं पीलर जमींदोज हो गया। वक्ताओं ने मांग किया कि भवन के गुणवत्ता की जांच कर संवेदक को काली सूची में डाला जाए। इसके अलावा पोटका प्रखंड कार्यालय में म्यूटेशन, राशन कालाबाजारी, जमीन अतिक्रमण आदि में व्याप्त भ्रष्टाचार पर भी अविलंब रोक लगाई जाए। वक्ताओं ने कहा कि यदि जे एल के एम के मांगो पर कार्रवाई नहीं होता है तो पार्टी इससे भी जोरदार आंदोलन करेगी तथा न्यायालय का भी सहारा लेगी।

