राष्ट्र संवाद संवाददाता
झारखंड राज्य कुश्ती संघ द्वारा चयनित खिलाड़ियों का आधार हिस्ट्री वेरिफिकेशन पूर्ण होने के पश्चात झारखंड अंडर-23 सीनियर पुरुष फ्रीस्टाइल, ग्रीको-रोमन एवं महिला कुश्ती टीम 2026 की घोषणा मंगलवार को कर दी गई।
यह राष्ट्रीय चैंपियनशिप आगामी 10 से 12 जुलाई तक हरियाणा के रोहतक में भारतीय कुश्ती संघ के तत्वावधान में आयोजित की जाएगी। सरायकेला-खरसावां जिला कुश्ती संघ के सचिव अखिलेश्वर प्रसाद एवं अध्यक्ष सुनील कुमार सिंह ने झारखंड राज्य कुश्ती संघ में चयनित सभी पहलवानों एवं सभी कोचों को बधाई देते हुए कहा कि राज्य का प्रतिनिधित्व कर रहे खिलाड़ी कड़ी मेहनत एवं अनुशासन के साथ तैयारी कर रहे हैं। पूर्ण विश्वास है कि झारखंड के पहलवान इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राज्य का नाम रोशन करेंगे। इसी क्रम में सरायकेला-खरसावां जिला हॉकी संघ के सचिव अमित मोदक ने भी सुरेश नारायण चौधरी को झारखंड अंडर-23 सीनियर पुरुष फ्री स्टाइल कुश्ती टीम में कोच के रूप में चयनित होने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि जिले के लिए यह गर्व और सम्मान की बात है कि जिले के एक योग्य एवं अनुभवी कोच को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में झारखंड टीम के साथ जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सुरेश नारायण चौधरी के मार्गदर्शन में खिलाड़ी बेहतर प्रदर्शन करेंगे तथा झारखंड के पहलवान राष्ट्रीय प्रतियोगिता में पदक जीतकर राज्य एवं जिले का नाम गौरवान्वित करेंगे।

