झारखंड की युवा संगीत प्रतिभाओं को मिलेगा बड़ा मंच, पंडित चंद्रकांत आप्टे संगीत प्रतियोगिता 2026 का आयोजन
₹75 हजार की पुरस्कार राशि, 28-29 नवंबर को ऑडिशन और 6 दिसंबर को होगा फाइनल
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर, 4 अक्टूबर। झारखंड में शास्त्रीय संगीत एवं भजन गायन की परंपरा को बढ़ावा देने और युवा प्रतिभाओं को प्रतिष्ठित मंच प्रदान करने के उद्देश्य से पंडित चंद्रकांत आप्टे म्यूजिक फाउंडेशन, जमशेदपुर द्वारा पंडित चंद्रकांत आप्टे संगीत प्रतियोगिता 2026 आयोजित की जा रही है। प्रतियोगिता में 8 से 25 वर्ष तक के प्रतिभागी हिस्सा ले सकेंगे। इसके लिए कुल ₹75,000 की पुरस्कार राशि निर्धारित की गई है।
प्रतियोगिता तीन श्रेणियों—जूनियर, सीनियर और सुपर सीनियर—में आयोजित होगी। इसका ऑडिशन राउंड 28 और 29 नवंबर 2026 को होगा। प्रत्येक श्रेणी से 10 प्रतिभागियों का चयन फाइनल के लिए किया जाएगा। फाइनल प्रतियोगिता 6 दिसंबर 2026 को जमशेदपुर के माइकल जॉन ऑडिटोरियम में आयोजित होगी।
इच्छुक प्रतिभागी ऑनलाइन गूगल फॉर्म के माध्यम से पंजीकरण कर सकते हैं। पंजीकरण के बाद प्रतिभागियों को ई-मेल के जरिए आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। आयोजकों ने आवेदन से पहले प्रतियोगिता के नियमों एवं दिशा-निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ने की अपील की है।
फाउंडेशन का उद्देश्य स्वर्गीय गुरु पंडित चंद्रकांत आप्टे की संगीत परंपरा को आगे बढ़ाना तथा झारखंड की युवा प्रतिभाओं को अपनी कला प्रदर्शित करने का अवसर देना है। आयोजन में डॉ. रागिनी भूषण, पंकज झा, डॉ. सनातन दीप, सत्य प्रकाश तिवारी, वीरेंद्र उपाध्याय, राजेश ठाकुर और शंकर नाथ झा सहित संस्था के सदस्यों का विशेष सहयोग मिल रहा है।

