रक्तदान मानवता की सबसे बड़ी सेवा : अमरप्रीत सिंह काले
जन सेवा संघ ट्रस्ट एवं प्रयत्न संस्था के रक्तदान शिविरों में शामिल होकर रक्तदाताओं का बढ़ाया उत्साह
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। भाजपा नेता एवं समाजसेवी अमरप्रीत सिंह काले ने धतकीडीह स्थित जमशेदपुर ब्लड बैंक में जन सेवा संघ ट्रस्ट द्वारा आयोजित 10वें रक्तदान शिविर तथा बारीडीह के चूना गोदाम क्लब हाउस में ‘प्रयत्न अच्छे कल के लिए’ संस्था द्वारा आयोजित रक्तदान शिविर में शामिल होकर आयोजकों और रक्तदाताओं का उत्साह बढ़ाया।
इस अवसर पर अमरप्रीत सिंह काले ने कहा कि रक्तदान मानवता की सबसे बड़ी सेवा है। रक्त की एक-एक बूंद किसी जरूरतमंद को नया जीवन दे सकती है। उन्होंने कहा कि रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना और जरूरतमंद मरीजों तक समय पर रक्त पहुंचाना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने जन सेवा संघ ट्रस्ट के सूरज साह सहित सभी पदाधिकारियों एवं सहयोगियों तथा प्रयत्न संस्था के समर झा और उनकी पूरी टीम के सेवा-भाव की सराहना की। साथ ही रक्तदान कर मानव सेवा में योगदान देने वाले सभी रक्तदाताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।
काले ने युवाओं और आम नागरिकों से नियमित रूप से रक्तदान करने की अपील करते हुए कहा कि ऐसे सामाजिक अभियान समाज में सेवा, संवेदना और सहयोग की भावना को मजबूत करते हैं तथा रक्त की कमी के कारण किसी जरूरतमंद की जिंदगी संकट में पड़ने से बचा सकते हैं।

