गौ सम्मान आह्वान अभियान के तहत झारखंड में एक करोड़ हस्ताक्षर का लक्ष्य
17 दिसंबर को रांची में एक लाख गौभक्तों के जुटने का दावा, गौ रक्षा यात्रा 15 नवंबर से
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। गौ रक्षा और गौसेवा से जुड़ी 36 मांगों को लेकर देशभर में संतों के नेतृत्व में गौ सम्मान आह्वान अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत झारखंड में एक करोड़ हस्ताक्षर कराने का लक्ष्य रखा गया है। अभियान को लेकर जमशेदपुर में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में राजस्थान स्थित श्री पंचखण्ड पीठ के पीठाधीश्वर आचार्य स्वामी सोमेंद्र महाराज ने इसकी जानकारी दी।
स्वामी सोमेंद्र महाराज ने बताया कि गौमाता को राष्ट्रीय सम्मान दिलाने, गौहत्या पर प्रतिबंध सहित विभिन्न मांगों को लेकर इससे पहले 27 अप्रैल और 27 जुलाई को देशभर में दो चरणों में करीब 21 करोड़ हस्ताक्षर कराए जा चुके हैं। झारखंड के विभिन्न जिलों में बैठकें कर लोगों को अभियान से जोड़ा जा रहा है।
उन्होंने बताया कि 15 नवंबर से 5 दिसंबर 2026 तक राज्यभर में 21 दिवसीय गौ रक्षा यात्रा निकाली जाएगी। वहीं, 17 दिसंबर को रांची में करीब एक लाख गौभक्तों के जुटने का दावा किया गया है। अभियान के तहत एकत्रित हस्ताक्षरों को राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के नाम झारखंड के मुख्य सचिव को सौंपने की बात कही गई है।
संवाददाता सम्मेलन में अभियान के जमशेदपुर संभाग प्रभारी सुमित खंडेलवाल, जमशेदपुर प्रभारी विनय शर्मा सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

