जामताड़ा में जनता दरबार, 35 से अधिक फरियादियों की समस्याएं सुनी गईं
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: जिला दंडाधिकारी कार्यालय में मंगलवार को आयोजित जनता दरबार में आमजनों की समस्याओं की सुनवाई की गई। जनता दरबार में जिले के विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे 35 से अधिक फरियादियों ने अपनी शिकायतें रखीं। इनमें आंगनबाड़ी सेविका-सहायिका चयन, राशन कार्ड, आवास, दिव्यांगता प्रमाण पत्र, विवाह निबंधन, भू-अर्जन, सड़क अवरोधक, कन्यादान योजना और पेंशन भुगतान से जुड़े मामले प्रमुख रहे।
जनता दरबार के दौरान कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि शेष आवेदनों को संबंधित अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर निष्पादन के निर्देश के साथ अग्रसारित किया गया। दिव्यांगता प्रमाण पत्र से जुड़े मामलों में आवेदकों को तत्काल सदर अस्पताल स्थित कैंप भेजा गया।
कुंडहित से आई एक महिला ने आंगनबाड़ी सेविका चयन में अनियमितता की शिकायत की, जिस पर संबंधित अधिकारी को पुनः ग्रामसभा आयोजित कर आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया गया। साथ ही स्पष्ट किया गया कि किसी भी प्रकार की अवैध राशि मांगने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
जनता दरबार में विवाह निबंधन, डीबीटी भुगतान और सड़क सुरक्षा से जुड़े मामलों पर भी त्वरित समाधान के निर्देश दिए गए। प्रशासन ने आमजनों से अपील की कि वे पहले प्रखंड स्तर पर समस्या रखें, समाधान नहीं होने पर जनता दरबार में अपनी शिकायत दर्ज कराएं। यह दरबार प्रत्येक मंगलवार पूर्वाह्न 11 बजे से 1 बजे तक आयोजित होता है।

