जमशेदपुर : सोनारी में महिला नेत्री के घर 9 लाख की चोरी, पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर में अपराधियों का मनोबल लगातार बढ़ता जा रहा है, जबकि पुलिस केवल औपचारिक कार्रवाई तक सीमित नजर आ रही है। ताजा मामला सोनारी थाना क्षेत्र के आदर्श नगर फेज-4 का है, जहां झारखंड प्रदेश महिला उपाध्यक्ष पुनीता चौधरी के घर में करीब 9 से 10 लाख रुपये की चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है।
जानकारी के अनुसार, पुनीता चौधरी पिछले एक सप्ताह से अस्पताल में भर्ती हैं, और परिवार के सभी सदस्य उनके इलाज में व्यस्त थे। इसी दौरान चोरों ने मौके का फायदा उठाते हुए घर का ताला तोड़कर जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया।
घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसकी जांच सोनारी थाना पुलिस कर रही है। बताया जा रहा है कि चोरों ने बड़ी सावधानी से घर की अलमारी खंगाली और वारदात को अंजाम दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। फिलहाल सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की कोशिशें जारी हैं।
गौरतलब है कि पिछले हफ्ते सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के विजया गार्डन में भी 15 लाख की चोरी हुई थी, जिसका खुलासा अब तक नहीं हो सका है। अब सोनारी में फिर से हुई चोरी ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
स्थानीय लोगों ने पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने की मांग की है।

