जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति ने महिलाओं के महत्व की सराहना करते हुए उनके योगदान का सम्मान किया
अंतराष्ट्रीय महिला दिवस 2024 के अवसर पर जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति ने महिलाओं के महत्व की सराहना करते हुए उनके योगदान का सम्मान किया। जमशेदपुर अक्षेस कार्यालय के सभी कोषांग से जुड़े महिला सफाई मित्र, स्वच्छता पर्यवेक्षक, एनयूएलएम के सीआरपी, सीओ एवं अधिकारी को उप नगर आयुक्त कृष्ण कुमार ने सम्मानित किया।
स्वच्छता ब्रांड एम्बेसडर पप्पू सरदार ने महिला दिवस के अवसर पर केक और नाश्ता उपलब्ध करा कर महिलाओं के प्रति सम्मान ज़ाहिर किया। उप नगर आयुक्त ने महिलाओं द्वारा जमशेदपुर अक्षेस के लिए दिए जा रहे योगदान की सराहना करते हुए बताया कि सफाई कार्यों में आधे से अधिक कार्यबल महिलाओं का है और शहर की सफाई महिलाओं के बिना संभव नहीं है। जेएनएसी स्वच्छ सर्वेक्षण 2024 का लक्ष्य आर आर आर की दिशा में काम कर रहा है।
सभी महिलाओं को “रिड्यूस, रियूज एवं रिसाइकिल” यानी की आर आर आर थीम पर आधारित उपहार दिए गए जिनको प्लास्टिक युक्त रैपिंग के स्थान पर समाचार पत्र में पैक किया गया था। उप नगर आयुक्त ने जमशेदपुर के स्वच्छ भारत मिशन टीम का नेतृत्व कर रही नगर प्रबंधक क्रिस्टीना कच्छप के योगदान की सराहना की। इस अवसर पर मौजूद सभी प्रतिभागियों ने आने वाले लोकसभा चुनाव 2024 हेतु मतदान प्रतिज्ञा ली।
मौके पर नगर प्रबंधक रवि भारती, प्रकाश साहू, अनय राज, सीएलटीसी अंकेश अखौरी, रितेश कुमार, सांख्यिकी कोषांग के राजेंद्र कुमार, टोवासो से गीता कुमारी, ममता बेसरा, इंटर्न निहाल कुमार, स्वच्छता पर्यवेक्षक मुन्ना, सुरेंद्र, सुशांतो, ऋषभ, मदन, गौरी, भीम, विकास, अभिषेक मौजूद थें।

