बाल विवाह के खिलाफ गांव-गांव चलेगा जागरूकता अभियान, उपायुक्त ने वाहन को दिखाई हरी झंडी
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा-2026 के तहत जिला प्रशासन ने बाल विवाह के खिलाफ जागरूकता अभियान की शुरुआत की। समाहरणालय परिसर में जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन ने जागरूकता वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि बाल विवाह बालिकाओं के शारीरिक, मानसिक और शैक्षणिक विकास में बाधा है। इसे समाप्त करने के लिए समाज के हर वर्ग की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने बालिकाओं की शिक्षा जारी रखने और उन्हें उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया।
जागरूकता वाहन जिले के सुदूरवर्ती गांवों में जाकर बाल विवाह के दुष्परिणामों, कानूनी प्रावधानों और बालिका शिक्षा के महत्व का प्रचार करेगा। अभियान में जनप्रतिनिधियों, मानकी-मुंडा, धर्मगुरुओं और सामाजिक संगठनों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। जिला प्रशासन का लक्ष्य जनसहयोग से बाल विवाह मुक्त समाज का निर्माण करना है।