नियोजन सह व्यावसायिक मार्गदर्शन मेला आज,
बेरोजगार युवक युवतियों को रोजगार के अवसर उपलब्धता का स्वर्णिम अवसर
राष्ट्रसंवाद/बेगूसराय। जिले के बेरोजगार युवक युवतियों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 26 नवंबर को जिलास्तरीय प्रथम एक दिवसीय नियोजन सह व्यावसायिक मार्गदर्शन मेले का आयोजन किया गया है। मेले का आयोजन अयोध्या प्रसाद सिंह स्मारक महाविद्यालय बरौनी में पूर्वाह्न 10 बजे से अपराह्न 4 बजे तक होगा।
जिला नियोजन पदाधिकारी ने बताया कि इस नियोजन मेले में बिहार सहित राज्य के बाहर के निजी क्षेत्र के लगभग 22 से 25 नियोजकों के भाग लेने की संभावना है। इनके माध्यम से विभिन्न पदों के लिए करीब 2,000 रिक्तियों पर योग्य अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा। चयन प्रक्रिया साक्षात्कार के माध्यम से पूरी की जाएगी तथा योग्य अभ्यर्थियों को मौके पर ही रोजगार उपलब्ध कराने की व्यवस्था रहेगी। इस मेले में न्यूनतम आठवीं पास से लेकर स्नातक आईटीआई डिप्लोमा बीटेक एवं अन्य तकनीकी योग्यताधारी अभ्यर्थी भाग ले सकते हैं। रोजगार की तलाश कर रहे जिले के युवाओं के लिए यह निजी क्षेत्र में अपनी योग्यता एवं कौशल के अनुरूप रोजगार प्राप्त करने का एक महत्वपूर्ण अवसर होगा। मेले में युवाओं को रोजगार के साथ साथ व्यावसायिक मार्गदर्शन भी उपलब्ध कराया जाएगा।
