झामुमो के आंदोलन के बाद टाटा मोटर्स प्रबंधन झुका, मृत सुबोध पात्रो के परिजनों को 73 लाख मुआवजा और आश्रित को स्थायी नौकरी
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। टाटा मोटर्स में दुर्घटना में मृत सुबोध पात्रो के परिजनों को न्याय दिलाने के लिए झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) का धरना-प्रदर्शन सफल रहा। दिनभर चले आंदोलन के बाद कंपनी प्रबंधन और झामुमो प्रतिनिधिमंडल के बीच वार्ता में सहमति बनी।
जुगसलाई विधायक मंगल कालिंदी के मार्गदर्शन और जिलाध्यक्ष विक्टर सोरेन के नेतृत्व में हुई वार्ता में मृतक के परिजनों को करीब 73 लाख रुपये मुआवजा देने, नौकरी की शेष अवधि तक प्रत्येक माह 33 हजार रुपये देने तथा एक आश्रित को एक वर्ष के प्रशिक्षण के बाद कंपनी में स्थायी नौकरी देने पर सहमति बनी।
विधायक मंगल कालिंदी ने कहा कि झारखंड में मजदूरों पर अत्याचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वहीं, विक्टर सोरेन ने कहा कि मजदूरों के हितों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं होगी। आंदोलन में पूर्व सांसद सुमन महतो सहित झामुमो के कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल रहे।

