जमशेदपुर में भूमाफियाओं पर प्रशासन सख्त, 15 दिन का अल्टीमेटम जारी
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर: पोटका प्रखंड अंतर्गत तेतला पंचायत में सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे का गंभीर मामला सामने आया है। शिकायत मिलने के बाद अंचलाधिकारी निकिता बाला ने मामले की जांच कर सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। जांच में रंजीत कुमार, संजय मारडी, जमशेदपुर रिसोर्स प्राइवेट लिमिटेड और मनोज कुमार सिंह द्वारा सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा कर निर्माण किए जाने की पुष्टि हुई है।
मामले को गंभीर मानते हुए अंचलाधिकारी ने संबंधित अतिक्रमणकारियों के खिलाफ जेपीएलई (झारखंड पब्लिक लैंड एनक्रोचमेंट) एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। साथ ही सभी को 15 दिनों का अल्टीमेटम दिया गया है कि वे स्वयं अवैध निर्माण हटाकर जमीन खाली करें।
प्रशासन की ओर से स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि निर्धारित समय-सीमा के भीतर अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो बलपूर्वक कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माण ध्वस्त किया जाएगा और संबंधित लोगों से जुर्माना भी वसूला जाएगा। इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।
अंचलाधिकारी निकिता बाला ने कहा है कि सरकारी जमीन पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आगे भी ऐसे मामलों की लगातार जांच होगी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

