जमशेदपुर : दिनदहाड़े महिला से चैन छिनतई, विरोध करने पर गले में गंभीर खरोंच — सीसीटीवी में कैद वारदात, पुलिस जांच में जुटी
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े चैन छिनतई की सनसनीखेज घटना सामने आई है। बाइक सवार दो अपराधियों ने एक महिला को निशाना बनाते हुए उसके गले से सोने की चैन छीन ली। घटना उस वक्त हुई जब महिला घर से कचरा फेंककर वापस लौट रही थी। अचानक पीछे से आए बदमाशों ने झपट्टा मारकर चैन छीन ली और मौके से फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, महिला ने अपराधियों से बचने और चैन को पकड़कर रोकने की कोशिश की, लेकिन इस दौरान बदमाशों ने जोर से खींचतान की, जिससे महिला के गले में गंभीर खरोंच आ गई। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया और स्थानीय लोग मौके पर जुट गए।
घटना की पूरी वारदात आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसमें बाइक पर सवार दो युवक महिला के पास आते और चैन छीनकर भागते हुए दिखाई दे रहे हैं। सूचना मिलते ही सोनारी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान करने और जल्द गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है।
स्थानीय लोगों ने दिनदहाड़े हुई इस घटना पर चिंता जताते हुए इलाके में पुलिस गश्ती बढ़ाने की मांग की है। पुलिस अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा।

