एर्नाकुलम में 3rd NTPC नेशनल रैंकिंग आर्चरी टूर्नामेंट का भव्य शुभारंभ, अर्जुन मुंडा ने खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह
राष्ट्र संवाद संवाददाता
एर्नाकुलम (केरल)। सेक्रेड हार्ट कॉलेज, एर्नाकुलम में आयोजित 3rd NTPC नेशनल रैंकिंग आर्चरी टूर्नामेंट का भव्य उद्घाटन पूर्व मुख्यमंत्री एवं भारतीय तीरंदाजी संघ के अध्यक्ष अर्जुन मुंडा ने किया। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता के उद्घाटन अवसर पर आयोजन समिति के चेयरमैन एवं विधायक टी.जे. विनोद, केरल तीरंदाजी संघ के अध्यक्ष डॉ. मनोजन के.के., भारतीय तीरंदाजी संघ के कोषाध्यक्ष डॉ. जोरीस पॉलोज़ उम्माचेरिल सहित अनेक गणमान्य अतिथि, खेल प्रशासक, प्रशिक्षक और देशभर से आए प्रतिभाशाली खिलाड़ी उपस्थित रहे।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए अर्जुन मुंडा ने कहा कि तीरंदाजी भारत की प्राचीन खेल परंपरा का अभिन्न हिस्सा है। यह केवल एक खेल नहीं, बल्कि ध्यान, धैर्य, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति अटूट समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर के ऐसे टूर्नामेंट युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने का सशक्त मंच प्रदान करते हैं और उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करते हैं।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण भारत में आर्चरी की अपार संभावनाएं हैं और युवाओं को खेल के माध्यम से जीवन में सही दिशा देने के लिए देशभर में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में खेलों को नई ऊर्जा और प्रोत्साहन मिला है, जिसके परिणामस्वरूप भारत विश्व आर्चरी रैंकिंग में दूसरे स्थान पर पहुंचा है। देश के विभिन्न हिस्सों में आयोजित हो रहे टूर्नामेंट और कोचों के मार्गदर्शन में खिलाड़ियों का उत्कृष्ट प्रदर्शन भारत का नाम वैश्विक मंच पर रोशन कर रहा है।
अर्जुन मुंडा ने कहा कि आर्चरी केवल शारीरिक क्षमता का खेल नहीं, बल्कि मानसिक दृढ़ता, आत्मविश्वास और लक्ष्य पर केंद्रित रहने की प्रेरणा भी देती है। इससे युवा अनुशासन और सफलता की दिशा में अग्रसर होते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल जीवन में टीमवर्क, नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास का विकास करता है।
उन्होंने केंद्र और राज्य सरकारों की प्रतिबद्धता का उल्लेख करते हुए कहा कि खेल अधोसंरचना को सुदृढ़ करने, ग्रामीण एवं जनजातीय क्षेत्रों से प्रतिभाओं को आगे लाने तथा खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और संसाधन उपलब्ध कराने की दिशा में ठोस कार्य किए जा रहे हैं।
अंत में उन्होंने आयोजन समिति के सभी सदस्यों को सफल आयोजन के लिए बधाई दी तथा देशभर से आए खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।

