मानगो में संध्या सिंह का सघन जनसंपर्क अभियान, विकास और सुशासन के लिए मांगा समर्थन
राष्ट्र संवाद संवाददाता
मानगो। मानगो नगर निगम क्षेत्र में एनडीए समर्थित मेयर प्रत्याशी श्रीमती संध्या सिंह ने बालेश्वर पथ, पटेल पथ, सर्वोदय पथ तथा मून सिटी के निकटवर्ती बस्तियों में विस्तृत जनसंपर्क अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने घर-घर जाकर नागरिकों से सीधा संवाद स्थापित किया और क्षेत्र की समस्याओं का गंभीरता से आकलन किया।

अभियान के क्रम में श्रीमती संध्या सिंह उलीडीह स्थित ब्रह्मकुमारी आश्रम पहुंचीं, जहां उन्होंने पूजा-अर्चना कर नगर क्षेत्र की समृद्धि, शांति और जनकल्याण की कामना की।
जनसंपर्क के दौरान उन्होंने स्थानीय निवासियों से भेंट कर उनकी दैनिक चुनौतियों और नगर निगम से जुड़ी समस्याओं को सुना। क्षेत्रवासियों ने जल आपूर्ति, स्वच्छता व्यवस्था, जर्जर सड़कों, जलभराव, स्ट्रीट लाइट की कमी तथा सुरक्षा व्यवस्था जैसे प्रमुख मुद्दों को उनके समक्ष रखा।
श्रीमती सिंह ने आश्वस्त किया कि चुनाव जीतने के बाद एक सुदृढ़, पारदर्शी और जनोन्मुखी नगर निगम व्यवस्था स्थापित की जाएगी। उन्होंने कहा कि मानगो को स्वच्छ, सुरक्षित, सुव्यवस्थित और विकसित नगर निगम क्षेत्र के रूप में स्थापित करना उनकी प्राथमिकता है। स्वच्छता प्रबंधन को मजबूत करना, गुणवत्तापूर्ण सड़कों का निर्माण, प्रत्येक घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाना, महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना उनके विकास एजेंडे के मुख्य बिंदु हैं।
उन्होंने आगामी नगर निगम चुनाव में एनडीए के पक्ष में मतदान कर विकास, सुशासन और स्थिर नेतृत्व को समर्थन देने की अपील की।

