जमशेदपुर: साकची में तेज रफ्तार कार ने स्कूटी को मारी जोरदार टक्कर, स्कूटी सवार गंभीर रूप से घायल
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर के साकची थाना क्षेत्र अंतर्गत पुराने जेल परिसर के समीप शनिवार दोपहर करीब 2:30 बजे एक तेज रफ्तार अनियंत्रित कार ने स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि स्कूटी संख्या JH05DL-5630 के परखच्चे उड़ गए और स्कूटी सवार गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार काफी तेज गति में थी और अचानक संतुलन बिगड़ने से उसने स्कूटी को चपेट में ले लिया। टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और सड़क पर कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।
हालांकि इस हादसे में कार सवारों ने मानवता का परिचय देते हुए घायल स्कूटी सवार को तुरंत अपने वाहन से अस्पताल पहुंचाया, जिससे उसकी जान बच सकी। घायल की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही साकची थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त कार एवं स्कूटी को जब्त कर लिया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
स्थानीय लोगों ने इस क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और ट्रैफिक व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

