लक्ष्मण गिलुआ की जयंती पर भाजपा कार्यालय में श्रद्धांजलि, मधु कोड़ा बोले—आदिवासी समाज की बुलंद आवाज थे गिलुआ
राष्ट्र संवाद संवाददाता
पूर्व सांसद एवं भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष स्वर्गीय लक्ष्मण गिलुआ की जयंती के अवसर पर भाजपा जिला कार्यालय में श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जहां पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस मौके पर झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत दिवंगत नेता की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर और दो मिनट का मौन रखकर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना के साथ की गई। अपने संबोधन में मधु कोड़ा ने कहा कि लक्ष्मण गिलुआ केवल एक राजनीतिक नेता नहीं थे, बल्कि वे झारखंड और विशेषकर आदिवासी समाज की सशक्त, निर्भीक और समर्पित आवाज थे। उन्होंने संगठन और समाज के लिए जिस निष्ठा, ईमानदारी और प्रतिबद्धता के साथ काम किया, वह आज भी सभी कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि भाजपा संगठन को मजबूत करने में स्वर्गीय गिलुआ का योगदान अविस्मरणीय है और उनके विचारों, सिद्धांतों व संघर्षों को आगे बढ़ाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
वक्ताओं ने अपने संबोधन में कहा कि स्वर्गीय लक्ष्मण गिलुआ ने अपने पूरे राजनीतिक जीवन में सादगी, संघर्ष और जनसेवा को सर्वोपरि रखा। प्रदेश अध्यक्ष के रूप में उन्होंने संगठन को नई दिशा दी और कार्यकर्ताओं को एकजुट कर भाजपा को जन-जन तक पहुंचाने का काम किया। उनके अनुभव, नेतृत्व और मार्गदर्शन की भरपाई कर पाना आसान नहीं है। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प भी लिया। श्रद्धांजलि सभा में भाजपा नगर अध्यक्ष राकेश पोद्दार, युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष चंद्र मोहन तियु, मुकेश, लल्लू, जगदीश निषाद, रोहित दास, मोनू साव सहित कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

