आंगन में आग तापते ग्रामीण को हाथी ने कुचला, वन विभाग की लापरवाही से भड़का गांव
राष्ट्र संवाद संवाददाता
पश्चिमी सिंहभूम जिले के मनोहरपुर प्रखंड अंतर्गत गिड्डुंग गांव में शुक्रवार देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना घटी, जब अपने ही घर के आंगन में आग ताप रहे एक ग्रामीण पर जंगली हाथी ने हमला कर उसकी मौके पर ही जान ले ली। मृतक की पहचान गांव निवासी लक्ष्मण देवगम के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है, वहीं ग्रामीणों ने वन विभाग के अधिकारियों पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में हाथियों की लगातार आवाजाही की जानकारी होने के बावजूद वन विभाग की ओर से न तो कोई ठोस कदम उठाया गया और न ही सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लक्ष्मण देवगम शुक्रवार की देर रात अपने घर के आंगन में आग ताप रहे थे, तभी अचानक एक हाथी गांव में घुस आया और उन पर हमला कर दिया। बताया जाता है कि हाथी ने पहले लक्ष्मण को सूंड से उठाकर जमीन पर पटक दिया और फिर पैरों से बुरी तरह कुचल दिया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। जब तक आसपास के लोग कुछ समझ पाते, तब तक सब कुछ खत्म हो चुका था। घटना की सूचना मिलते ही शनिवार सुबह पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस दर्दनाक हादसे के बाद ग्रामीणों में गुस्सा साफ नजर आ रहा है और वे वन विभाग से तत्काल मुआवजा, हाथियों की निगरानी और स्थायी सुरक्षा व्यवस्था की मांग कर रहे हैं। लगातार हो रहे मानव-हाथी संघर्ष की घटनाओं ने एक बार फिर प्रशासन और वन विभाग की तैयारियों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

