जमशेदपुर: सिदगोड़ा में स्कूटी में लगी अचानक आग, देखते ही देखते जलकर राख

राष्ट्र संवाद संवाददाता जमशेदपुर।सिदगोड़ा थाना अंतर्गत बारीडीह स्थित मर्सी अस्पताल के पास गुरुवार को एक स्कूटी में अचानक आग लग गई, जिससे पूरी गाड़ी जलकर राख हो गई।

जानकारी के अनुसार, विजय मुंडा अपनी स्कूटी से ड्यूटी से लौट रहे थे। रास्ते में पेट्रोल खत्म होने पर उन्होंने पास के पेट्रोल पंप से 2 लीटर पेट्रोल भरवाया। मर्सी अस्पताल के पास पहुंचने पर अचानक गाड़ी रुक गई। चालक ने स्कूटी को स्टार्ट करने की कोशिश की, तभी स्पार्क होकर आग लग गई।

स्थानीय लोगों और चालक ने मिट्टी और बालू डालकर आग बुझाने की कोशिश की। पास खड़ी पुलिस गाड़ी के जवानों ने भी प्रयास किया, लेकिन आग पर काबू नहीं पाया जा सका।

सूचना पाकर दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक पूरी स्कूटी जलकर राख हो चुकी थी। इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।

