टाटा मोटर्स में बोनस समझौते के बाद जश्न, इंजन डिवीजन में कटा केक, यूनियन नेताओं का भव्य स्वागत

राष्ट्र संवाद संवाददाता जमशेदपुर।टाटा मोटर्स में हुए बोनस समझौते के बाद कंपनी के विभिन्न डिवीजनों में टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद और महामंत्री आरके सिंह का जोरदार स्वागत जारी है। गुरुवार को रियर एक्सल डिवीजन और इंजन डिवीजन में भव्य कार्यक्रम आयोजित किए गए।

सुबह रियर एक्सल डिवीजन में आयोजित समारोह में यूनियन नेताओं को अंगवस्त्र और मालाएं पहनाकर सम्मानित किया गया। अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद ने कहा कि मजदूरों के चेहरे पर मुस्कान बनाए रखना यूनियन की प्राथमिकता है। वहीं महामंत्री आरके सिंह ने बोनस समझौते को यूनियन की बड़ी जीत बताया और कहा कि भविष्य में मजदूरों के लिए डिप्लोमा, बीटेक और एमबीए की पढ़ाई फ्री कराई जाएगी।

इंजन डिवीजन में भी नेताओं का भव्य स्वागत किया गया, जहां विशाल केक काटकर बोनस समझौते की खुशी मनाई गई। प्रबंधन की ओर से डीजीएम सुधांशु दास, अरविंद प्रसाद और पंकज पांडेय समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।
आरके सिंह ने कर्मचारियों से गुणवत्ता, सुरक्षा और उत्पादकता पर विशेष ध्यान देने की अपील की और भरोसा दिलाया कि आने वाले दिनों में जीओ ग्रुप के कर्मचारियों के लिए भी बड़ा बदलाव होगा।
कार्यक्रम के दौरान साहित्य के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाली महिला कर्मी समा दुबे को सम्मानित किया गया।

