हैदराबाद, 24 अक्टूबर (भाषा) राजस्व आसूचना निदेशालय (डीआरआई) ने हैदराबाद के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर करीब 1.56 करोड़ रुपये मूल्य की विदेशी मुद्रा जब्त कर दो यात्रियों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, डीआरआई की हैदराबाद क्षेत्रीय इकाई के अधिकारियों ने खुफिया सूचना के आधार पर 22 अक्टूबर को एक भारतीय यात्री को रोका, जो हैदराबाद से मलेशिया के कुआलालंपुर जाने वाला था।
विज्ञप्ति में बताया गया कि यात्री के सामान की तलाशी लेने पर करीब 63.62 लाख रुपये मूल्य की विदेशी मुद्रा बरामद हुई, जिसमें अमेरिकी डॉलर और मलेशियाई रिंगिट शामिल थे।
विज्ञप्ति के अनुसार, विदेशी मुद्रा को यात्री के ट्रॉली बैग में कपड़ों के बीच एक काले रंग के प्लास्टिक कवर में छिपाकर रखा गया था।
प्रारंभिक पूछताछ में अधिकारियों को उसी उड़ान से यात्रा करने वाली एक अन्य महिला के बारे में जानकारी मिली, जिसने अलग पीएनआर पर टिकट बुक कराया था।
इसके बाद अधिकारियों ने महिला पर नजर रखी और उसे भी रोक लिया। उसके सामान की तलाशी के दौरान 97,600 अमेरिकी डॉलर बरामद हुए, जिनकी कीमत करीब 91.94 लाख रुपये थी।
डीआरआई के अनुसार, महिला ने भी अपने ट्रॉली बैग में कपड़ों के बीच काले रंग के प्लास्टिक कवर में विदेशी मुद्रा छिपाकर रखी थी।
एजेंसी ने बताया कि दोनों यात्री विदेशी मुद्रा को कानूनी तरीके से हासिल करने और उसे अपने साथ ले जाने से संबंधित कोई दस्तावेज पेश नहीं कर सके।
विज्ञप्ति के अनुसार, करीब 1.56 करोड़ रुपये मूल्य की विदेशी मुद्रा और उसे छिपाने के लिए इस्तेमाल किए गए ट्रॉली बैग सीमा शुल्क अधिनियम, 1962 के प्रावधानों के तहत जब्त कर लिए गए।
अधिकारियों ने बताया कि दोनों यात्रियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।

