नैरोबी, 24 अक्टूबर (एपी) केन्या के स्वास्थ्य मंत्रालय ने देश में इबोला संक्रमण से दूसरी मौत होने की पुष्टि करते हुए कहा कि इस संक्रमण से जान गंवाने वाले पहले व्यक्ति की करीबी रिश्तेदार 65 वर्षीय एक महिला की पृथकवास में रहने के दौरान मौत हो गई।
महिला में 10 दिन पहले इबोला के लक्षण दिखाई दिए थे, जिसके बाद राजधानी नैरोबी स्थित संक्रामक रोग उपचार इकाई में उसका इलाज किया जा रहा था।
स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि चिकित्साकर्मियों ने महिला की जान बचाने के लिए हरसंभव प्रयास किए, लेकिन शुक्रवार शाम उसकी मौत हो गई। उसके परिवार को इसकी सूचना दे दी गई है और रिश्तेदारों से परामर्श के बाद सुरक्षित और सम्मानजनक तरीके से अंतिम संस्कार की व्यवस्था की जा रही है।
इबोला से संक्रमित सात अन्य मरीजों का दो पृथक उपचार केंद्रों में इलाज जारी है। इस बीच, संक्रमण का कोई नया मामला सामने नहीं आया है।
केन्या में इबोला संक्रमण के पहले मामले की पुष्टि छह अक्टूबर को हुई थी। कांगो में रहने वाला 40 वर्षीय केन्याई नागरिक तीन अक्टूबर को युगांडा के रास्ते केन्या पहुंचा था। उसका एक रिश्तेदार उसे वाहन से नैरोबी के एक अस्पताल ले गया था, जहां पांच अक्टूबर को जांच में उसके इबोला से संक्रमित होने की पुष्टि हुई और उसी दिन उसकी मौत हो गई।
अधिकारियों ने पहले मरीज के संपर्क में आए करीब 135 लोगों की पहचान की थी, जिनमें से 118 को पृथकवास में रखा गया था। इनमें से आठ लोग जांच में संक्रमित पाए गए।

